Monday 5 October 2020

चने की घुघरी


         चना स्वास्थ्य के लिए बेहतरीन अन्न माना जाता है। चना गुड़ सबसे अधिक पसंद किया जाने वाला चबैना है। कोई बाहर से थका मांदा आये तो पानी के साथ गुड़ चना खाने को दिया जाता है।

        काला चना फोलेट्स, फाइबर, प्रोटीन, कार्बोहाइड्रेट, कॉपर, आयरन और फॉस्फोरस से भरपूर है। ये त्वचा के लिए फायदेमंद है। इसके साथ ही चने के पानी से चेहरा धोने से चेहरे पर चमक आती है। काला चने से शरीर को उर्जा मिलती है।

         फाइबर से भरपूर काला चना पाचन क्रिया के लिए विशेष फायदेमंद होता है। रात में भिगोकर रखे गए चने को खाने से कब्ज की समस्या में लाभ मिलता है। साथ ही जिस पानी में चने को भिगोया गया हो उस पानी को फेंकने के बजाय पीने से भी फायदा होता है।

         काले चने में आयरन होता है जो अनीमिया को रोकने में सहायक होता है।

           काला चना एंटीऑक्सिडेंट्स, एंथोसायनिन, फाइटोन्यूट्रिएंट्स और एएलए से भरपूर होता है, जो हृदय रोग की समस्याओं को दूर करके स्वस्थ रक्त वाहिकाओं को बनाए रखने और ऑक्सीडेटिव तनाव से निपटने में सहायक होता है।  

          काला चना फोलेट और मैग्नीशियम का भी एक अच्छा स्रोत है, जो दिल के दौरे और स्ट्रोक के खतरे को कम करने में सहायता करता है।

           काले चने में घुलनशील फाइबर होता है और यह कोलेस्ट्रॉल के लेवल को कम करता है। काला चना एलडीएल कोलेस्ट्रॉल और  ट्राइग्लिसराइड्स को कम करने में मदद करता है।

            चना डायबिटीज कंट्रोल करता है। काले चने में मौजूद कार्बोहाइड्रेट धीरे-धीरे पच जाते हैं जिसके कारण ब्लड शुगर के स्तर को कम किया जा सकता है।

              कुल मिलाकर गरीब की मेवा होता है काला चना। भाड़ में भुने चने हों या आलू चने की सब्जी हो या चाय के साथ के लिए चनाजोर गरम हो अथवा चने की घुघरी हो सभी अलग-अलग बेजोड़ स्वाद वाले व्यंजन हैं। चने के सत्तू से बना पराठा न जाने कितनों की सुबह के नाश्ते की पहली पसंद है। चने से बना बेसन तो हर रसोई की शान है।

चलिए आज बनायें घुघरी।
सबसे बेसिक रेसिपी है ये।
घुघरी बनाइये और साथ में एक कुल्हड़ चाय ले लीजिए , निश्चित जानिए आनंद आ जायेगा।

Ingredients :-

चना                   - 3/4 कप
प्याज                  - 3  मध्यम आकार के 
लहसुन                - 7,8 कली
हरी मिर्च              - 3,4
अदरक                 - 1 इंच टुकड़ा 
सूखी लाल मिर्च      - 2 मध्यम आकार की
अजवायन             - 1 tsp
हींग                      - 1/4  tsp   
नमक                    - स्वादानुसार    

Step I
----------


दो प्याज छीलकर पतले लंबे काट लीजिये।
लहसुन, अदरक व हरी मिर्च बारीक काट लीजिये।
चने का पानी छानकर निकाल दीजिये।
कुकर में चना डालिये और 1/2 tsp नमक मिलाइये तथा चने पर इतना पानी डालिये जो 5,6 सीटी आने तक सूखे और उसे मध्यम आँच पर रखिये। 5,6 सीटी आने के बाद गैस बंद कर दीजिए।

Step II
-------------




गरम कढ़ाई में सरसों का तेल डालिये।
हींग, अजवायन और सूखी साबुत लाल मिर्च का तड़का दीजिये।
लहसुन डालिये और गहरा गुलाबी भूनिये।
अदरक और हरी मिर्च डालकर दो मिनट भूनिये।


चना डालिये और एक मिनट भूनिये।
धीमी आंच पर ढ़ककर दो मिनट पकने दीजिये।
नमक डालिये।
एक मिनट चला कर फिर 2 से 3 मिनट ढक कर पकाइए।
ढक्कन हटा कर अच्छी तरह चना 5,7 मिनट तक भूनिये।
आपकी घुघरी तैयार है।


सर्व करने के लिए साथ में गोल कटे प्याज के rings सर्व कीजिये।
अलग से हरे लहसुन की चटनी भी मिलाकर खाने में अच्छी लगती है।

आप अपनी राय से अवगत कराना नहीं भूलिएगा।
सम्भव हो तो ब्लॉग को follow कर लीजिए।

No comments:

Post a Comment