Monday 9 November 2020

मटर चटपटी



लखनऊ की चाट बहुत मशहूर है। करारी आलू की टिक्की जो सादी और भरी हुई दो तरीके से यहाँ तैयार की जाती है। भरी हुई टिक्की में उबली सफेद मटर भरी जाती है, कई बार पुदीने के साथ अदरक और विभिन्न मसालों का मिश्रण भरा जाता है। चौक में खास तौर पर सोंठ वाली टिक्की भी मिलती है जिसे पारंपरिक चाट के कद्रदान बेहद पसंद करते हैं। गोलगप्पों का जिसे कहीं बताशा तो कहीं फुल्की कहा जाता है खास मसालों वाले पानी से भरे हुए और मटर, दही व इमली की चटनी के साथ बनाये जाते हैं। आजकल तो गोलगप्पों में भरा जाने वाला पानी बारह-तेरह तरीके से बनता है। चाट का ज़िक्र अधूरा रह जाता है सफेद मटर के बारे में बात किये हुए। सफेद मटर को रात भर भिगो कर सुबह नमक और पानी के साथ उबाली जाती है। इस उबली हुई मटर को अनेक तरीकों से तैयार करके परोसा जाता है। मटर में इमली की चटनी, खट्टी हरी चटनी और दही डालकर, मटर में सिर्फ हरी चटनी, दही और टूटे हुए गोलगप्पे डालकर, शुद्ध घी में करारी सेंक कर दही, चटनी और टूटे गोलगप्पों के साथ, घी में करारी सेंकी हुई मटर में इमली की खट्टी मीठी चटनी , हरी चटनी, मूली के साथ।

आज मैंने घर में बनाई है मटर। मेरी विधि थोड़ी अलग है जो मेरी माँ की अपनी इजाद की हुई रेसिपी है। उनकी मटर की ख़ासियत है कि वह इसमें घी या तेल का प्रयोग बिलकुल भी नहीं करती हैं। उनकी यह मटर सुबह के ब्रेकफ़ास्ट में कुरकुरारे टोस्ट के साथ, शाम की चाय पर मठरी के साथ और भोजन में लाल सिंके पराठों के साथ हम खाते हैं।

इस मटर को बनाने के लिए इसे सिर्फ नमक के साथ उबाला जाता है और मसाले मिलाये जाते हैं। जिसमें सोंठ की इमली वाली खट्टी मीठी चटनी मिलाई जाती है। हरी धनिया की पत्तियाँ इसकी खूबसूरती और स्वाद का भीनापन बढ़ा देती हैं। हमारे घर में कुछ लोग इसके ऊपर मूली के लच्छे डालकर भी खाना पसंद करते हैं।

आइये बनाते हैं सफेद मटर मेरी माँ की स्टाइल वाली ....

Ingredients :-

सफेद सूखी मटर     - 1 कप 

भुना जीरा पाउडर   - 2 tsps

धनिया पाउडर        - 2 tsps

लाल मिर्च पाउडर    -1/2 tsp या स्वादानुसार 

काला नमक            - 1/2 tsp

नमक                     - मटर को जांच कर जितना कम हो उतना बढ़ा लें 

अदरक                    - 1 tsp, बारीक कटी हुई 

हरी मिर्च                  - 1 बारीक कटी हुई 

मूली                         - 2 tsps, optional

इमली की चटनी         - 2 tbsps, गुड़,सोंठ से बनी खट्टी-मीठी चटनी , स्वादानुसार एडजस्ट करें 

Method :-

मटर को धुलकर रात भर भिगो दें।

पानी हटाकर दूसरा पानी और स्वादानुसार नमक डालकर कम से कम 5 से 7 सीटी देकर उबाल कर ठंडा होने दें।

गुनगुनी रह जाने पर जीरा पाउडर, धनिया पाउडर, लाल मिर्च पाउडर, काला नमक, यदि आवश्यकता हो तो सादा नमक, अदरक, हरी मिर्च और सोंठ वाली इमली की चटनी मिला दें।

बारीक कटा हरा धनिया डालें।



Ways to serve :-

1. मटर को जिस तरह बनी है वैसी ही सर्व करें।

2. मटर के ऊपर मूली डालकर सर्व करें।

3. शुद्ध घी में मटर को भून कर ऊपर से टूटे हुए गोलगप्पे या पतली वाली पापड़ी तोड़कर डालकर सर्व करें।

दोस्तों बनाइये मटर और खाइये - खिलाइए।

सम्भव हो तो मुझे बता दीजियेगा कि आपको कैसी लगी।

फिर से रिक्वेस्ट कर रही हूँ कि मेरे ब्लॉग को अधिक लोगों तक गूगल पहुँचा सके इसके लिए इसे follow अवश्य कर लीजिए।

1 comment: