Monday 29 March 2021

गोभी के कोफ्ते

 

गोभी अमूमन सभी को पसंद होती है। आजकल तो पूरे साल गोभी बाजार में उपलब्ध रहती है। गोभी आलू और हरी मटर की सूखी सब्जी से लेकर गोभी मन्चूरियन तक अनेक रूप में गोभी बनाई और खाई जाती है। 

आज हम बना रहे हैं गोभी के कोफ्ते जिसमें बाइंडिंग के लिए लगभग गोभी के वजन के बराबर उबले,कद्दूकस किये आलू मिले हैं और कुरकुरापन लाने के लिए कॉर्नफ्लोर मिलाया गया है। अब कोफ्ता है तो कुछ तीखापन भी अच्छा लगता है। जिसके लिए बारीक कटी हरी मिर्च और अदरक भी मिली है। अदरक गोभी से बनने वाली गैस से राहत दिलाती है।

ग्रेवी बनाते समय तड़के में तेजपत्ता, लौंग, काली मिर्च, जायफल, जावित्री, दालचीनी, बड़ी और छोटी इलायची पड़े हैं। प्याज धीमी आँच पर भूना गया है जिससे प्याज की मिठास बरकरार रहे और वह हल्के सुनहरे रंग का फ्राई हो जाये। इसमें टमाटर को कद्दूकस करके डाला गया है और नमक मिलाकर, ढ़ककर भूना गया है।

अब आइए जरा सामग्री पर नज़र दौड़ायें ...

सामग्री :-
【 कोफ्ते के लिए 】

गोभी         - 2 कप कद्दूकस की हुई
आलू         - 3 उबले और कद्दूकस किये हुए
कॉर्नफ्लोर   - 2 से 3 tbsps 
हरी मिर्च     - 2 या 3 बारीक कटी हुई
अदरक       - 1/2 इंच , बारीक कटी हुई
गरम मसाला - 1/2 tsp
नमक          - स्वादानुसार
रिफाइंड या सरसों का तेल तलने के लिए

ग्रेवी के लिए 】

प्याज             - 2 , मध्यम आकार के, बारीक कटे हुए
टमाटर।          - 1 बड़ा, बारीक कद्दूकस किया हुआ
तेजपत्ता         - 1
लौंग              - 2
काली मिर्च     - 3 दाने
जीरा             - 1/4 tsp
हरी इलायची   - 2
बड़ी इलायची  - 1
दालचीनी        - 1/2 इंच का टुकड़ा 
जायफल।       - एक चुटकी पाउडर 
जावित्री          - 1 धागा 
अदरक लहसुन का पेस्ट - 1 tsp
कश्मीरी मिर्च पाउडर     - 3/4 tsp
हल्दी                         - 3/4 tsp
लाल मिर्च पाउडर         - 1 tsp या स्वादानुसार
नमक - स्वादानुसार
सरसों का तेल - 2 tbsp
गरम पानी - 2 कप 

बारीक कटा हरा धनिया ऊपर से सजावट के लिए

विधि :-
ग्रेवी तैयार कीजिये।

सरसों का तेल गरम कीजिये।
तेजपत्ता, लौंग, काली मिर्च,लौंग, इलायची ( दोनों) , जीरा, जायफल, जावित्री को तड़का लें।
प्याज डालिये और धीमी आँच पर सुनहरा कीजिये। 
अदरक लहसुन का पेस्ट डालकर एक मिनट भूनें।
टमाटर और नमक मिलाकर भूनिये।
जब तेल छूटने लगे तो कश्मीरी मिर्च,हल्दी व लाल मिर्च मिलाकर भूनिये।
पानी मिलाकर मनचाहा गाढ़ापन आने तक पकाइए।

अब कोफ्ते बनाइये ...



गोभी, आलू, गरम मसाला, हरी मिर्च, अदरक, नमक व कॉर्नफ्लोर को अच्छी तरह मिलाइये।
आप चाहें तो बारीक कटा हुआ हरा धनिया भी मिला लीजिए।
एकदम आटे जैसा चिकना गूँध लीजिये।
इस मिश्रण की छोटी-छोटी गोलियाँ या लंबे आकार के रोल बनाइये।
तेल गरम कीजिये।
आँच धीमी रखकर कोफ्ते सुनहरे तल लीजिये।



पेपर नैपकिन या किचन पेपर टॉवल पर निकालिये।

सर्विंग के लिए ...
डिश में कोफ्ते अरेंज कीजिये।
ऊपर से ग्रेवी डालिये और हरा धनिया सजाइये।




फुल्के या नान के साथ परोसिये।

2 comments:

  1. आपके रेसिपी लाजवाब स्वाद वाले होते हैं।

    ReplyDelete